28.5c India
Breaking News:

Latest

image
02 Jun, 2022 by Ardh Sainik News

भाजपा प्रवक्ता पर पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित टिप्पणी का आरोप,हत्या व दुष्कर्म की धमकी

भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा पर कथित तौर पर पैगम्बर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के संगीन आरोप लगाये जा रहे है।जिससे उनकी मुश्किले और बढ़ती जा रही है।उनको जान से मारने की धमकियां दी जा रही है इसके बाद उन्होंने दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज की है।भाजपा प्रवक्ता शर्मा के खिलाफ पुणे के कोंढवा थाने में 31 मई को केस दर्ज किया गया। पुणे के राकांपा नेता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है।

 

इससे पहले भारतीय सुन्नी मुसलमानों के सुन्नी बरेलवी संगठन रजा अकादमी की शिकायत के बाद शर्मा के खिलाफ मुंबई में भादंवि की धारा 295ए, 153ए और 505बी के तहत केस दर्ज किया गया है। इसी तरह हैदराबाद में एक पुलिस अधिकारी की शिकायत पर शर्मा के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस थाने में भादंवि की धारा 153 (ए), 504, 505 (2) और 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 

भाजपा नेता के खिलाफ दायर शिकायतों में आरोप लगाया गया कि शर्मा ने पैगंबर और इस्लाम के धर्म के खिलाफ अपमानजनक, झूठे और आहत शब्दों का इस्तेमाल किया और मुसलमानों की भावनाओं को आहत किया। शिकायत में उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है। 

 

इससे पहले 27 मई को शर्मा ने शिकायत की कि उन्हें सोशल मीडिया के जरिए हत्या व दुष्कर्म की धमकी दी जा रही है। उनका आरोप है कि एक तथाकथित फैक्ट चेकर ने ज्ञानवापी मस्जिद मामले पर एक टीवी चैनल पर उनकी हालिया बहस का वीडियो तोड़मरोड़ व संपादित कर प्रसारित किया। शर्मा ने दिल्ली पुलिस आयुक्त व दिल्ली पुलिस से कहा है कि यदि उन्हें या उनके परिवार को कोई नुकसान पहुंचता है तो कथित फैक्ट चेकर जुबैर को जिम्मेदार माना जाए।