28.5c India
Breaking News:

Most Popular

image
26 Jun, 2022 by Ardh Sainik News

यू ट्यूब ने हटाया सिद्धू मूसेवाला का नया गीत

दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का नया गीत एसवाईएल (SYL) यूट्यूब से हटा दिया गया है। जानकारी के अनुसार, सरकार से कानूनी शिकायत के बाद इसे यूट्यूब से हटाया गया। मूसेवाला की मौत के बाद इस गीत को उनके आधिकारिक यूट्यूब अकाउंट से रिलीज किया गया था। हत्या के 26 दिन बाद रिलीज हुआ यह गाना छह मिनट में ही हिट हो गया था। 

दो घंटे में इस गाने को 22 लाख लोगों ने देखा। सिद्धू अपने इस आखिरी गाने के जरिये पंजाब और हरियाणा के बीच चल रहे एसवाईएल के मुद्दे को हवा दे गए। गाने में सिद्धू ने कृषि कानूनों को लेकर शुरू हुए किसान आंदोलन और लाल किले का भी जिक्र किया है। पहले छह मिनट में गाने को 4.75 लाख लोगों ने देखा और 3.14 लाख लोगों ने लाइक किया। शुरुआती छह मिनट में ही गाना पूरी तरह से हिट हो गया। दो घंटे बाद इस गाने को 22 लाख लोगों ने देखा, 14 लाख लोगों ने गाने को लाइक किया और दो लाख 52 हजार लोगों ने कमेंट किया। 

सिद्धू मूसेवाला के नए गाने में पंजाब के पानी और उससे जुड़े दूसरे विवादित मुद्दों का जिक्र किया था। इस गाने के दौरान आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रभारी सुशील गुप्ता का बयान चल रहा है, जिसमें वह 2024 में पंजाब की तरह हरियाणा में भी अपनी पार्टी की सरकार बनने पर हरियाणा को एसवाईएल का पानी दिलाने की बात कह रहे हैं। गाने में सिद्धू ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन के दौरान दिल्ली कूच और लाल किले पर सिख समाज के प्रतीक निशान साहिब को लहराने की सराहना की थी।