28.5c India
जुलाई में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।मुर्मू ने कल पीएम मोदी समेत कई दिग्गज नेताओं के सामने नामांकन दाखिल कर दिया है। विपक्ष की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा प्रत्याशी हैं। 84 वर्षीय सिन्हा अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय वित्त व विदेश मंत्री रह चुके हैं।इन्होंने भाजपा के शीर्ष नेता लालकृष्ण आडवाणी, पीएम नरेंद्र मोदी व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी समर्थन मांगा है।
यशवंत सिन्हा ने शुक्रवार को पीएम मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से संपर्क किया। पीटीआई के अनुसार उन्होंने दोनों नेताओं से अपनी उम्मीदवारी का समर्थन करने का आग्रह किया। उन्होंने भाजपा के वयोवृद्ध व शीर्ष नेता लालकृष्ण आडवाणी से भी आशीर्वाद मांगा। अटल सरकार में आडवाणी उप प्रधानमंत्री रहे थे और उसी सरकार में सिन्हा केंद्रीय मंत्री रहे थे। लंबे समय तक भाजपा में रहने के बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी। मोदी सरकार-1 में उनके पुत्र जयंत सिन्हा वित्त मंत्री रहे थे। जयंत सिन्हा अभी भी भाजपा सांसद हैं, लेकिन उन्हें मोदी सरकार-2 में मंत्री नहीं बनाया गया। n
सिन्हा ने झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन को भी फोन किया। सिन्हा ने उन्हें याद दिलाया कि उनकी पार्टी झामुमो ने विपक्ष के साझा प्रत्याशी के समर्थन का एलान किया था। सिन्हा शुक्रवार को झारखंड से प्रचार शुरू करने वाले थे, लेकिन अब झामुमो ने भी संथाल आदिवासी नेता द्रौपदी मुर्म का समर्थन कर दिया है, इसलिए उन्होंने यह टाल दिया। सिन्हा 27 जून सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करने वाले हैं। इस मौके पर विपक्ष के दिग्गज नेताओं के मौजूद रहने की संभावना है।चुनाव आयोग द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान 18 जुलाई का होगा और परिणाम 21 जुलाई को आएंगे।मौजूदा रामनाथकोविन्द का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त होगा।