28.5c India
Breaking News:

Most Popular

image
19 Oct, 2022 by Ardh Sainik News

केजरीवाल सरकार में अब राज का 'आनंद', राजेंद्र की जगह बन सकते हैं मंत्री

राजेंद्र पाल गौतम के इस्तीफे के बाद दिल्ली में केजरीवाल सरकार के नए मंत्री का नाम लगभग तय हो चुका है। पटेल नगर से विधायक राज कुमार आनंद केजरीवाल सरकार में नए मंत्री हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज एलजी को राजकुमार आनंद का नाम भेज सकते हैं। 

 

राजकुमार जाटव समाज से आते हैं। राजेन्द्र पाल गौतम भी जाटव समाज से थे। राजकुमार आनंद की पत्नी भी विधायक रह चुकी हैं। उनकी जगह ही 2019 विधानसभा चुनाव में राजकुमार को टिकट मिला था। 2020 में राज कुमार आनंद की ओर से दायर हलफनामे के मुताबिक उनके पास 78 करोड़ की चल-अचल संपत्ति है। उनके खिलाफ आईपीसी की धाराओं 325, 323, 427 और 34 के तहत केस भी दर्ज है।

राजेंद्र पाल के पास समाज कल्याण मंत्रालय के अलावा एससी एसटी, महिला और बाल विकास, सहकारी समितियां और गुरुद्वारा चुनाव की जिम्मेदारी थी। मंत्री बनने पर राज कुमार को ये सभी विभाग मिल सकते हैं। पिछले दिनों राजेंद्र पाल गौतम को शपथ विवाद के बाद इस्तीफा देना पड़ा था। बौद्ध दीक्षा के दौरान दिल्ली में बड़ी संख्या में लोगों को राम-कृष्ण समेत हिंदू देवी-देवताओं को भगवान ना मानने और उनकी पूजा ना करने की शपथ दिलाई गई थी। बीजेपी ने इसका वीडियो जारी करते हुए आम आदमी पार्टी को घेरना शुरू कर दिया था। गुजरात और हिमाचल विधानसभा चुनाव में नुकसान की आशंका के बीच राजेंद्र पाल ने इस्तीफे का ऐलान कर दिया।

 

सूत्रों के मुताबिक, मंगोलपुरी से राखी बिड़लान, करोल बाग से विशेष रवि, कोंडली से विधायक कुलदीप और अंबेडकर नगर से अजय दत्त के नाम पर भी चर्चा हुई थी, लेकिन बाजी राज कुमार मारते दिख रहे हैं। हालांकि, आम आदमी पार्टी की ओर से इस पर अभी कुछ नहीं कहा गया है। सूत्रों का कहना है कि राज कुमार आनंद का नाम पार्टी तय कर चुकी है।