28.5c India
Breaking News:

Most Popular

image
10 Oct, 2022 by Ardh Sainik News

सैफई में होगा मुलायम सिंह का अंतिम संस्कार, UP में 3 दिन का राजकीय शोक

समाजवादी पार्टी के संस्‍थापक और तीन बार उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव नहीं रहे। पिछले 10 दिन से मेदांता के आईसीयू और क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में जिंदगी और मौत के बीच जूझते रहने के बाद नेताजी ने सोमवार सुबह 8 बजे के करीब अंतिम सांस ली। 82 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। मुलायम सिंह यादव के निधन से देश भर में उनके समर्थकों और पार्टी लाइन से ऊपर उठकर विभिन्‍न राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़कर काम करने वाले राजनीतिक-सामाजिक कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। 

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि मुलायम सिंह यादव का निधन राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। वह देश के बड़े समाजवादी नेता थे।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक जताया है। पीएम मोदी ने उन्हें जमीन से जुड़ा हुआ नेता करार दिया। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, ''मुलायम सिंह यादव जी विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे। उन्हें एक विनम्र और जमीन से जुड़े नेता के रूप में व्यापक रूप से सराहा गया, जो लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील थे। उन्होंने लगन से लोगों की सेवा की और लोकनायक जयप्रकाश नारायण और डॉ. राम मनोहर लोहिया के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।''