28.5c India
Breaking News:

Most Popular

image
04 Sep, 2022 by Ardh Sainik News

'महंगाई के खिलाफ हल्लाबोल' रैली में राहुल गांधी का सीधा पीएम मोदी पर अटैक, 2024 के लिए क्या है संकेत

दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस महंगाई के खिलाफ 'हल्लाबोल रैली' कर रही है। इस मौके पर कांग्रेस के लगभग सभी वरिष्ठ नेता रामलीला मैदान में पहुंचे। इस रैली में राहुल गांधी को बड़े चेहरे के तौर पर पेश किया गया है। बता दें कि हाल ही में कांग्रेस में अध्यक्ष पद को लेकर भी बहस छिड़ी हुई है। 17 अक्टूबर को चुनाव होना है। इससे पहले ही जयराम रमेश समेत कई नेता कह चुके हैं कि वे राहुल गांधी को अध्यक्ष रूप में देखना चाहते हैं। अब इस हल्लाबोल रैली से भी यही नजर आ रहा है कि कांग्रेस राहुल गांधी के लिए पिच तैयार कर रही है। संभव है कि 2024 आम चुनाव के लिए यह बड़ी तैयारी हो और यहीं से आगे के मुद्दे तय हो जाएं।

सीधा पीएम मोदी पर अटैक

राहुल गांधी ने रैली में सीधा प्रधानमंत्री मोदी का नाम लेते हुए कहा कि वह देश में घृणा फैला रहा है। इससे हमारे देश के दुश्मनों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस मिलकर देश में डर और घृणा का माहौल बना रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि जो भी मोदी के खिलाफ बोलता है उसे 55 घंटे के लिए ईडी ऑफिस में बैठना पड़ता है। लेकिन मैं प्रधानमंत्री जी को बताना चाहता हूं कि मुझे ईडी से डर नहीं लगता।

रैली में पीएम मोदी पर सीधा अटैक यही दिखाता है कि राहुल गांधी को कांग्रेस अपने चेहरे के रूप में आगे कर सकती है। राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा में भी मुख्य चेहरे के रूप में आगे आ रहे हैं। राहुल गांधी ने इसका जिक्र करते हुए कहा कि 'भारत जोड़ो यात्रा' बहुत अहम है क्योंकि हम सीधा लोगों से मिलते हैं और उन्हें सच बताते हैं।

बोलने नहीं देती मोदी सरकारः राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि आजकल विपक्ष का आवाज उठाना भी मुश्किल हो गया है। संसद में मोदी सरकार हमें बोलने नहीं देती है। राहुल गांधी ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है और इसी वजह से घृणा भी बढ़ रही है। यह देश को कमजोर कर रही है। राहुल ने आरोप लगाया कि देश में केवल दो उद्योगपतियो को फायदा मिल रहा है और भाजपा उन्हीं के लिए काम कर र ही है।

'कांग्रेस ही बचा सकती है देश'

राहुल गांधी ने कृषि कानूनों के लिए कहा कि ये तीनों कानून उद्योगपतियों के लिए लाए गए थे। किसानों की ताकत ने इन कानूनों को वापस लेने पर मजबूर कर दिया। हिंदुस्तान में आम नागरिक मुश्किल में हैं, देश का नुकसान हो रहा है। 70 साल में कांग्रेस ने ऐसी महंगाई कभी नहीं दिखाई। सिर्फ कांग्रेस ही देश को बचा सकती है।

रैली से पहले भी राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर किया अटैक

राहुल गांधी ने रैली से पहले ट्वीट करके मोदी सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था, राजा मित्रों की कमाई में व्यस्त है और प्रजा महंगाई से त्रस्त है। लोगों को जरूरत का सामान खरीदने से पहले 10 बार सोचना पड़ता है। इन दिक्कतों के लिए सिर्फ प्रधानमंत्री जिम्मेदेरा हैं। हम महंगाई के खिलाफ आवाज उठाएंगे, राजा को सुनना ही पड़ेगा।