28.5c India
Breaking News:

Most Popular

image
31 Jul, 2022 by Ardh Sainik News

कैश कांड के बाद कांग्रेस का एक्शन, झारखंड के तीनों विधायक सस्पेंड; मशीन से हुई थी नोटों की गिनती

झारखंड कांग्रेस के 3 विधायकों के पास से कैश बरामद होने के बाद अब पार्टी ने कड़ा एक्शन लिया है। कैश को लेकर विपक्ष के सवालों से घिरी कांग्रेस ने अब तीनों ही विधायकों को सस्पेंड कर दिया है। झारखंड कांग्रेस के इंचार्ज अविनाश पांडे ने मीडिया को जानकारी दी है कि जिन विधायकों को शनिवार को कैश के साथ पकड़ा गया था उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।

कांग्रेस ने जिन 3 विधायकों को सस्पेंड किया है, उनमें- रांची के खिजरी से विधायक राजेश कच्छप, कोंगारी सिमडेगा के कोलेबिरा से विधायक नमन विक्सेल और विधायक इरफान अंसारी शामिल हैं। बता दें कि पश्चिम बंगाल के हावड़ा में कांग्रेस के इन तीनों विधायकों को भारी मात्रा में कैश के साथ पकड़ा गया था। यह रकम इतनी ज्यादा थी कि नोट गिनने की मशीन के जरिए इसकी गिनती करवानी पड़ी है।

इस बरामदगी को लेकर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया था कि एक खुफिया सूचना के आधार पर जिस वाहन में विधायक इरफान अंसारी, राजेश कच्चाप और नमन बिक्सल कोंगरी सवार थे, उसे पांचला पुलिस थाना क्षेत्र के रानीहाती में राष्ट्रीय राजमार्ग-16 पर रोका गया था।

हावड़ा (ग्रामीण) की पुलिस अधीक्षक स्वाति भांगलिया ने कहा था, ''हमें सटीक सूचना मिली थी कि काले रंग की एक कार में भारी मात्रा में पैसा ले जाया जा रहा है। हमने वाहनों की तलाशी शुरू कर दी और इस कार को रोका, जिसमें तीन विधायक सवार थे। कार से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई है।''

उन्होंने बताया था, 'नकदी गिनने के लिए मशीन मंगवाई जा रही है। विधायकों से भी धन के स्रोत और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इसके बारे में पूछताछ की जा रही है।' पुलिस ने बताया कि एसयूवी में विधायकों के अलावा दो अन्य लोग भी बैठे हुए थे। इस कार के एक बोर्ड पर कांग्रेस के चुनाव चिह्न के साथ ही ''विधायक जामताड़ा झारखंड'' लिखा हुआ था।

इधर कांग्रेस की झारखंड इकाई ने दावा किया है कि भारी मात्रा में यह नकदी हेमंत सोरेन सरकार को गिराने की भाजपा की साजिश का हिस्सा है। कांग्रेस राज्य में लालू प्रसाद यादव की राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ सोरेन सरकार का हिस्सा है।

झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु टिर्की ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''ऐसा लगता है कि यह भाजपा की साजिश है। हेमंत सोरेन सरकार के सत्ता में आने के बाद से ही भाजपा उसे अस्थिर करने का प्रयास कर रही है। अगर हम देखें कि महाराष्ट्र और कुछ अन्य राज्यों में क्या हुआ तो यह साफ हो जाएगा कि भाजपा सरकारों को सत्ता से बाहर करने के लिए धन का प्रयोग करती है।''

जयराम रमेश ने कही यह बात

कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा में तीन विधायकों के कथित रूप से बड़ी नकदी के साथ पकड़े जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर झारखंड में उसकी गठबंधन सरकार को अपदस्थ करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा झारखंड में वही करना चाहती है, जो उसने महाराष्ट्र में किया था।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शनिवार को ट्वीट किया, ''झारखंड में भाजपा के 'ऑपरेशन कमल' का आज रात हावड़ा में पर्दाफाश हो गया। दिल्ली के 'हम दो' की योजना झारखंड में वही करने की है, जो उन्होंने ई-डी (एकनाथ शिंदे एवं देवेंद्र फडणवीस) के सहारे महाराष्ट्र में किया।''

महाराष्ट्र में शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे के हाल में मुख्यमंत्री बनने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर ''अनैतिक तरीके से'' सत्ता पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा था।

TMC ने कांग्रेस का किया समर्थन

कांग्रेस के बयान का समर्थन करते हुए पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने दावा किया कि विधायकों की खरीद-फरोख्त तथा झामुमो नीत झारखंड सरकार को संभावित रूप से सत्ता से बाहर करने की अफवाहों के बीच नकदी बरामद की गई है।

टीएमसी ने ट्वीट किया, ''विधायकों की खरीद-फरोख्त और झारखंड सरकार को संभावित रूप से सत्ता से बाहर करने की अफवाहों के बीच झारखंड कांग्रेस के तीन विधायकों को बंगाल में भारी मात्रा में नकदी लाते हुए पकड़ा गया है। इस धन का स्रोत क्या है? क्या कोई केंद्रीय एजेंसी इस पर स्वत: संज्ञान लेगी? या नियम चुनिंदा लोगों पर ही लागू होते हैं?''

निर्दलीय विधायक सरयू राय ने कही यह बात

वहीं, झारखंड से निर्दलीय विधायक सरयू रॉय ने कांग्रेस से यह बताने को कहा है कि क्या विधायक नकदी लेकर झारखंड लौट रहे थे या झारखंड से किसी और राज्य में जा रहे थे। उन्होंने पूछा, ''धन का स्रोत कौन-सा राज्य है-असम, बंगाल या झारखंड?''

भाजपा ने भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस को घेरा

वहीं इस मामले पर भारतीय जनता पार्टी लगातार कांग्रेस को घेर रही है। झारखंड भाजपा के महासचिव ने कहा कि जब से कांग्रेस झारखंड में सत्ता में आई है, भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी झारखंड में अफसरों के घरों से कैश बरामद हुआ था। साहू ने कहा कि यह लोग जनता की मेहनत की कमाई का गलत उपयोग करते हैं। कांग्रेस विधायकों के पास से कैश मिलने की चर्चा सोशल मीडिया पर भी काफी हो रही है।